
जमशेदपुर : जमशेदपुर में रहकर साइबर अपराध कर रहे महेश पोद्दार ने आखिरकार जमशेदपुर न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया. गुरुवार दोपहर दो बजे उसने न्यायालय पहुंच कर आत्मसमर्पण किया. महेश की गिरफ्तारी के लिए दो टीम को मुंबई और कोलकाता भेजा गया था. लेकिन टीम वहां से खाली हाथ ही लौटना पड़ा. जानकारी के अनुसार महेश ने पुलिस द्वारा उसके घर में बनाये जा रहे दबाव में आकर सरेंडर किया है. पुलिस महेश की गिरफ्तारी के लिए हर स्तर से प्रयास कर रही थी. साइबर पुलिस ने महेश को रिमांड पर लेने के लिए न्यायालय में अर्जी दाखिल कर दी है. अब पुलिस महेश से पुछताछ करगी जिसके बाद साइबर अपराध की सारी कड़ियां खुलती जाएगी.पुलिस उससे यह भी जानने की कोशिश करेगी की अब तक उसने कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है और इस काम में उसके साथ कौन-कौन शामिल है. वहीं इस मामले में फरार गिरोह का सरगना राहुल केसरी अब भी फरार है. पुलिस के अनुसार वह बंगाल और ओडिसा से सीमावर्ती इलाके में है. इधर दूसरी ओर सबसे पहले पकड़ाये इस गिरोह के सदस्य राहुल मिश्रा को साइबर पुलिस शुक्रवार को रिमांड पर लेगी. गुरुवार को कोर्ट ने उसके रिमांड की अर्जी को स्वीकार करके रिमांड लेने की अनुमति दी है. इस मामले में राकेश कुमार, धीरज और राहुल को पुलिस ने पहले ही पकड़कर जेल भेज दिया है. ज्ञात हो कि 5 जनवरी को पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद महेश पोद्दार के घर पर छापेमारी की थी जिसमें पुलिस को 13 लाख रुपये नगद के अलावा अन्य सामान बरामद किया था.







