
जमशेदपुर: जमशेदपुर में इन दिनों साइबर ठग लोगों से ठगी के नए नए तरीके इजाद कर रहे है. ताजा मामला बागबेड़ा कॉलोनी का है जहां टाटा स्टील के सेवानिवृत कर्मचारी अरविंद कुमार को साइबर ठगों ने अपने निशाने में लेकर 9.95 लाख की ठगी कर ली. अरविंद कुमार ने बिष्टुपुर स्थित साइबर सेल में प्राथमिकी दर्ज कराई है. अरविंद ने पुलिस को बताया कि उनका खाता एसबीआई के जुगसलाई शाखा में है जिसमे उनकी बेटी के साथ ज्वाइंट अकाउंट है. सोमवार की दोपहर उनके मोबाइल पर मोबाइल नंबर 9144456328 नंबर से एक मैसेज आया. मैसेज में लिखा गया था कि मोबाइल नंबर का केवाईसी नहीं हुआ है जिस कारण नंबर की सारी सेवाएं बंद कर दी जाएगी. सेवाएं चालू करने के लिए 8345093741 पर संपर्क कर. जब उन्होंने संबंधित नंबर से संपर्क किया तो ठग ने उन्हें खुद को बीएसएनएल का कर्मचारी बताया और कहा कि नंबर का केवाईसी नहीं है. उन्होंने ठग से कहा कि वे बीएसएनएल के ऑफिस जाकर केवाईसी कर लेंगे तो ठग ने कहा की कोरोना को लेकर सभी काम ऑनलाइन हो रहे है. वे लोग ऑनलाइन ही केवाईसी कर देंगे. इसके लिए ठग ने मोबाइल पर क्विक सपोर्ट एप डाउनलोड करने को कहा. एप डाउनलोड करते ही एप का एक कोड उसे दिया जिसके बाद ठग ने ऑनलाइन 10 रुपए का रिचार्ज करने को कहा. रिचार्ज करते ही उनके खाते से 21 बार में कुल 9,95,195 रुपए की अवैध निकासी कर ली गई.



