जमशेदपुर : डीबीएमएस कॉलेज ऑफ एजुकेशन की ओर से सामुदायिक सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत टाटा स्टील यूआइएसएल के सहयोग से डेंगू जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया. इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समुदाय के विभिन्न वर्गों को डेंगू के प्रति जागरूक करना तथा इसके बचाव एवं रोकथाम के उपायों की जानकारी प्रदान करना था. अभियान के प्रथम चरण में टाटा स्टील यूआइएसएल के विशेषज्ञों ने कॉलेज के विद्यार्थियों को डेंगू के कारणों, लक्षणों एवं बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी. इसके साथ ही टाटा स्टील यूआइएसएल एवं कॉलेज के संयुक्त प्रयास से टाटा वर्कर्स यूनियन हाई स्कूल में डेंगू जागरूकता पर आधारित नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता एवं डेंगू से बचाव का संदेश दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)

इसके पश्चात बीएड प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने जमशेदपुर के विभिन्न क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों को डेंगू से बचाव, स्वच्छता तथा जल जमाव को रोकने के उपायों के प्रति जागरूक किया. अभियान के अगले चरण में बीएड तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने अपने इंटर्नशिप विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर स्कूली बच्चों को डेंगू के लक्षणों एवं बचाव के उपायों की जानकारी दी. (नीचे भी पढ़ें)

अभियान के अंतिम चरण में बीएड प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने प्राथमिक विद्यालय, गोलपहाड़ी मंदिर में डेंगू जागरूकता विषयक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया. इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों ने जुगसलाई क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चलाकर समुदाय के लोगों को डेंगू से बचाव के प्रति जागरूक किया तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया.




