
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा स्थित सूर्यमंदिर परिसर में नवनिर्मित श्रीराम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा व श्रीराम कथा की सभी तैयारी पूरी कर ली गयी है. सात दिवसीय श्रीराम कथा हेतु कथा व्यास व उनके 15 सदस्यीय टीम समेत प्राण-प्रतिष्ठा हेतु 35 सदस्यीय आचार्यों की टीम शुक्रवार को जमशेदपुर पहुंची. मंदिर परिसर में आकर्षक पंच कुंडीय यज्ञशाला का निर्माण किया गया है. यज्ञशाला का निर्माण मुजफ्फरपुर से आए कुशल कारीगरों ने किया है. शुक्रवार को राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री सह कमिटी के मुख्य संरक्षक रघुवर दास ने शनिवार से प्रारंभ हो रहे श्रीराम कथा एवं प्राण-प्रतिष्ठा हेतु विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान के तैयारियों का जायजा लिया. वहीं, उन्होंने यज्ञशाला की शीर्ष पर ध्वज स्थापित किया. इस दौरान उन्होंने कमिटी के पदाधिकारियों से तैयारियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की. कमिटी ने बताया कि सात दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा में मनोरम झांकियों के माध्यम से प्रसंग का वर्णन किया जाएगा.

कमिटी ने श्रीराम कथा एवं राम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में जमशेदपुर के लोगों को शामिल होने का आग्रह किया. शनिवार की शाम चार बजे से शनिवार से संगीतमय श्रीराम कथा का शुभारंभ होगा. अयोध्या धाम से कथा व्यास मानस मर्मज्ञ परम् पूज्य श्री अतुल कृष्ण भारद्वाज के मुखारविंद से श्रीराम कथा की अमृतवर्षा होगी. शनिवार को कथा में नाम महिमा, कथा महिमा एवं शिव सती प्रसंग का वर्णन होगा. कमिटी की ओर से बेहतर साउंड सिस्टम, पक्के पंडाल निर्माण के संग आकर्षक विद्युत सज्जा की गई है. इस अवसर पर कमिटी के अध्यक्ष संजीव सिंह, भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष दिनेश कुमार, भूपेंद्र सिंह, पवन अग्रवाल, मिथलेश सिंह यादव, खेमलाल चौधरी, कमलेश सिंह, गुंजन यादव, अमरजीत सिंह राजा, सुशांतो पंडा, संजय सिंह एवं अन्य उपस्थित थे.







