जमशेदपुर: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत 08-09 अगस्त को पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए विशेष कैम्प का आयोजन किया गया. विशेष कैम्प के दौरान मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन, स्थानांतरण एवं अन्य निर्वाचन संबंधी सेवाओं के लिए आवश्यक जानकारी एवं सहयोग प्रदान किया गया. बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) द्वारा मतदान केन्द्रों पर उपस्थित रहकर पात्र नागरिकों से आवश्यक प्रपत्र प्राप्त किए गए तथा मतदाताओं की समस्याओं का समाधान किया गया.(नीचे भी पढ़े)

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने 48-जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया. इस दौरान बूथ संख्या 54 से 65 तक का निरीक्षण कर विशेष कैम्प में उपलब्ध व्यवस्थाओं, मतदाताओं को दी जा रही सुविधाओं तथा बीएलओ की उपस्थिति एवं कार्यों का जायजा लिया. जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि 01 अक्टूबर 2026 की अर्हता तिथि तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 एवं घोषणा पत्र अवश्य भरें. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने पात्र नागरिकों से अपील की कि वे विशेष कैम्प का लाभ उठाते हुए अपने निकटतम मतदान केन्द्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी करें. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है. इसलिए कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन विभाग द्वारा विशेष कैम्प के माध्यम से व्यापक स्तर पर सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है.जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी बीएलओ एवं संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदान केन्द्रों पर आने वाले नागरिकों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें तथा प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार ससमय निष्पादन सुनिश्चित करें.




