
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो स्थित समता नगर में विधायक निधि से बन रही नाली में अनियमितता बरते जाने का मामला प्रकाश में आया है. बताया जाता है कि संवेदक स्थानीय लोगों को डरा-धमकाकर जबर्दस्ती अपनी मर्जी से काम कर रहे थे. स्थानीय लोगों ने भाजपा नेता विकास सिंह को बुलाकर मामले की जानकारी दी. मौके पर पहुंचे भाजपा नेता विकास सिंह को स्थानीय लोगों ने बताया कि नगर निगम के द्वारा विधायक निधि से समता नगर में नाली का निर्माण कराया जा रहा है. नाली की गुणवत्ता इतनी खराब है कि इससे अच्छा नाली नहीं बनती तो ठीक रहता. बिना जमीन की खुदाई किए ऊपर में ही नाली बनायी जा रही है. नीचे ईंट बिछाई नहीं गई है. सरिया प्राक्कलन से दोगुनी दूरी पर बांधी गई थी. गिट्टी की गुणवत्ता इतनी घटिया है कि हाथ से मसलने से गिट्टी टूट जा रही है. नाली के तलहटी में सरिया नहीं बांधी गई. जमीन से 6 इंच ऊपर नाली का निर्माण कराया जा रहा है. सारा काम नगर निगम के कनीय अभियंता नंदू कुमार की देखरेख में हो रहा है. मौके पर पहुंचे विकास सिंह ने कहा कि यहां अंधेर नगरी चौपट राजा वाली कहावत चरितार्थ हो रही है. नगर निगम के अभियंता निविदा मैनेजमेंट में मशगूल हैं. सरकारी रुपए का दुरुपयोग खुलेआम किया जा रहा है. नाली की सूरत इतनी अधिक बदसूरत है कि किसी भी मायने में यह तकनीकी मापदंड से नहीं बन रही है. संवेदक अपने बाहुबलता से काम को निष्पादित कर रहे हैं. स्थानीय लोगों ने जब गुणवत्ता के बारे में सवाल पूछा तो संवेदक ने गंभीर परिणाम भुगतने की बात कही. विकास सिंह ने पूरे मामले की जानकारी कार्यपालक पदाधिकारी एवं उपायुक्त को दी. (नीचे भी पढ़ें)
विकास सिंह ने कहा कि नाली का निर्माण प्राक्कलन के अनुसार नहीं किया जा रहा है. कार्य से संबंधित अभियंता नंदू कुमार के ऊपर थाने में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा. साथ ही पूरे मामले की जानकारी नगर विकास सचिव को ट्विटर के माध्यम से दी जाएगी. इसके बाद भी अगर कार्रवाई नहीं हुई नाली को ध्वस्त कर दोबारा नहीं बनाया गया तो समता नगर के लोगों के साथ कार्यस्थल पर धरना दिया जाएगा. विकास सिंह ने कहा कि मानगो में सरकारी पैसे की बंदरबांट बर्दाश्त नहीं की जाएगी. संवेदक कितना भी बड़ा बाहुबली हो अथवा उसके संबंध कितने भी बड़े राजनेता से हो, गलत का विरोध हर हाल में किया जाएगा. इस दौरान संदीप शर्मा, विजय ठाकुर, जीवत झा, भोला सिंह, सौरभ तिवारी, धीरेंद्र यादव, मोहन यादव, तरुण यादव, संतोष ठाकुर, राम अवतार शर्मा समेत अन्य लोग उपस्थित थे.



