
जमशेदपुर : दक्षिण-पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम विजय कुमार साहू रविवार को टाटानगर स्टेशन में औचक निरीक्षण करने पहुंचे. इधर डीआरएम को देखकर स्टेशन के अधिकारियों में हड़कंप मच गया. हालांकि डीआरएम बादाम पहाड़ के निरीक्षण के लिए जा रहे थे. अपने सैलून से स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर उतरे. निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन में कई खामियां पाईं. उन्होंने देखा कि स्टेशन में ट्रेन के आवागमन और प्रस्थान की जानकारी देने वाला एलईडी बोर्ड बंद पड़ा है. साथ ही प्लेटफॉर्म नंबर एक पर लगे विभिन्न प्रदर्श पर धूल जमी है. इसे देख कर स्टेशन डायरेक्टर एचके बालमुचू पर डीआरएम बरस पड़े. उन्होंने स्टेशन डायरेक्टर को खरी-खोटी सुनाई. कहा कि ट्रेन की जानकारी देने वाले बोर्ड को किस कारण से बंद कर रखा गया है. इधर एसी लांज पर यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं का बोर्ड नहीं लगाने पर लांज से संचालक को भी जल्द से जल्द बोर्ड लगाने को कहा. थोड़ी देर स्टेशन में ठहरने के बाद वे सैलून से बादामपहाड़ की ओर रवाना हो गए.






