
जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना अंतर्गत सूरज पेट्रोल पंप के पास रहने वाले कांग्रेस नेता संजीव सिंह की मां एच देवी से रविवार दोपहर 3.45 बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने छिनतई का प्रयास किया. इस दौरान बदमाशों ने उनका गला भी दबाया और चेन को खींच कर तोड़ दिया. हालांकि जब एच देवी मदद के लिए चिल्लाई तो दोनो अपराधी मौके से फरार हो गए. इधर घटना के बाद संजीव सिंह ने टेल्को थाना में घटना की सूचना दी. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई. पास लगे सीसीटीवी कैमरे में दोनों बदमाशों को तस्वीर कैद हो गई है. घटना के संबंध में संजीव ने बताया की उनकी मां घर के बाहर खड़ी थी. इतने में प्लाजा की ओर से बाइक सवार दो युवक आए. दोनों का चेहरा खुला हुआ था. उनमें से बाइक चालक ने पहले उनकी मां का गला पकड़ लिया और पीछे बैठे युवक को गले से चेन छीनने को कहा. उनकी मां ने बदमाशों को कहा की चेन नकली है और मदद के लिए चिल्लाने लगी. मां की चीख सुनकर आस पास के लोग जमा होने लगे. भागने के क्रम में मां के गले से चेन टूटकर वहीं गिर गया और दोनो बाइक सवार सूरज पेट्रोल पंप को ओर तेजी से भाग गए. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.





