जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना अंतर्गत बाबूडीह नदी घाट में मंगलवार को नहाने के दौरान डूबे दो किशोर में से एक का शव बरामद कर लिया गया है. स्थानीय मछुआरो ने मिलकर उसके शव को खोजा. निखिल नामक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया. वहीं, दूसरे बच्चे सूरज सांडिल की तलाश की जा रही है. जानकारी के अनुसार, तीन किशोर निखिल, सूरज शांडिल और सूरज मछुआ आपस में घनिष्ठ मित्र थे और उनकी उम्र 14 से 15 वर्ष के बीच थी. वे तीनों मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे बाबूडीह नदी में नहाने गए थे. नहाते समय निखिल और सूरज जलकुंभी के साथ खेलते हुए नदी के गहरे हिस्से में चले गए और अचानक डूबने लगे. (नीचे भी पढ़ें)
यह देख सूरज मछुआ ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी की तेज धारा और फिसलन के कारण वह खुद घायल हो गया. किसी तरह जलकुंभी के सहारे बाहर निकलकर उसने घर जाकर परिजनों को सूचना दी. घटना की जानकारी मिलते ही मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे और स्थानीय मछुआरों की मदद से तलाश शुरू की गई, लेकिन अंधेरा और पानी की गहराई के कारण कोई सफलता नहीं मिल पाई. एनडीआरएफ की टीम का इंतजार लोग कर रहे थे. लेकिन वह टीम नहीं आयी. अंतत: स्थानीय मछुआओं ने एक शव को निकाल लिया है जबकि दूसरे शव के निकालने का प्रयास किया जा रहा है.



