जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर ब्लॉक नंबर-3 में दो युवकों द्वारा नशे की हालत में उत्पात मचाये जाने और बस्तीवासियों के साथ मारपीट किये जाने का मामला सामने आया है. घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने गुरुवार रात कदमा थाने का घेराव कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. मिली जानकारी के अनुसार युवकों द्वारा सोनारी थाना क्षेत्र में भी हंगामा किया गया, जिसको लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है. (नीचे भी पढ़ें)

बस्तीवासियों के अनुसार अजय रजक और अमन नाम के दो युवक अक्सर नशे की हालत में इलाके में हंगामा करते हैं. लोगों का आरोप है कि दोनों युवक आए दिन गाली-गलौज करते हैं, घरों के बाहर तोड़फोड़ करते हैं और बस्ती के लोगों के साथ मारपीट भी करते हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस संबंध में कई बार थाने में शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से उनका मनोबल बढ़ गया है. (नीचे भी पढ़ें)

गुरुवार को भी दोनों युवकों ने बस्ती के ही सुभाष नामक व्यक्ति के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की. बताया जा रहा है कि सेवासदन के पास सुभाष को पकड़कर घसीटते हुए पीटा गया. मारपीट की घटना में सुभाष घायल हो गया, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई है. (नीचे भी पढ़ें)
स्थानीय लोगों का कहना है कि इन युवकों का एक ग्रुप भी है, जो अक्सर बस्ती में घूमकर लोगों को डराता-धमकाता है. इसके कारण इलाके में महिलाओं और बेटियों के आने-जाने में भी डर का माहौल बना हुआ है. लोगों ने आरोप लगाया कि दोनों युवक अवैध नशे का सेवन करते हैं और नशे में ही इस तरह की घटनाओं को अंजाम देते हैं. घटना से आक्रोशित बस्तीवासियों ने देर रात कदमा थाना पहुंचकर थाना परिसर में जमकर विरोध प्रदर्शन किया और दोनों आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की. लोगों ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस जल्द कार्रवाई नहीं करती है तो वे आगे और बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे.







