जमशेदपुर : पूर्व मध्य क्षेत्र बीमा कर्मचारी संघ (ईसीजेडआइईए) का दो दिवसीय सातवां त्रैवार्षिक सम्मेलन बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन ऑडिटोरियम में संपन्न हुआ. सम्मेलन के दूसरे दिन अखिल भारतीय बीमा कर्मचारी संघ के महामंत्री श्रीकांत मिश्रा ने अपने संबोधन में नए युवा साथियों से संगठन की मुख्य धारा में सक्रिय रूप से जुड़ने का आग्रह किया. सम्मेलन में बीमा क्षेत्र में एफडीआइ के खिलाफ, एलआइसी के विनिवेश के विरोध में तथा महिलाओं का आरक्षण सुनिश्चित करने सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर आगामी तीन वर्षों के लिए पूर्व मध्य क्षेत्र बीमा कर्मचारी संघ की नई कमेटी का गठन भी किया गया. इसमें प्रदीप मुखर्जी को अध्यक्ष, त्रिनाथ डोरा को महासचिव तथा साधन मिश्रा को कोषाध्यक्ष चुना गया. वहीं, जमशेदपुर मंडल से सुकान्तो शर्मा को संयुक्त सचिव के रूप में चयनित किया गया. सम्मेलन में बीमा कर्मचारी संघ जमशेदपुर मंडल के अध्यक्ष अमित मैती और महासचिव सुभाष कर्ण सहित कई पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे. दो दिवसीय इस सम्मेलन में बिहार, झारखंड और ओडिशा से आए करीब 250 प्रतिनिधियों एवं पर्यवेक्षकों ने शिरकत की.











