
जमशेदपुर : टाटा स्टील की शत-प्रतिशत सब्सिडियरी वाली कंपनी टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (यूएसआइएल) जिसका नाम पहले जुस्को था, द्वारा अतिक्रमण करने का मामला सामने आया है. यह अतिक्रमण जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र में किया गया है. कदमा के टोल ब्रिज के पास यह अतिक्रमण किया जा रहा है, जहां नदी के बहाव को रोक दिया गया है और बहाव के हिस्से में मिट्टी डालकर भर दिया गया है, जहां पौधे लगाये जा रहे है. इसको लेकर खुद सुवर्णरेखा परियोजना के अधिकारियों ने पहल कर दी है और इसको लेकर टाटा स्टील, टाटा स्टील यूएसआइएल और जिला प्रशासन को पत्र लिखकर जानकारी दी है कि यहां अतिक्रमण हो रहा है. अगर अतिक्रमण नहीं हटाया जाता है तो उनके खिलाफ एफआइआर किया जाये. इस अतिक्रमण की जानकारी होने के बाद जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने ट्विट कर इस जानकारी को सार्वजनिक कहा ”रात 10 बजे सूचना मिली-जमशेदपुर टॉल ब्रिज के पास खरकई नदी में अतिक्रमण हो रहा है. देखा तो पता चला कि ऐसा टाटा स्टील की कंपनी जुस्को कर रही है. उपायुक्त एवं जुस्को जीएम से पूछा तो पता चला कि नदी भरकर पेड़ लगेगा. विडंबना है, समझदार लोग ऐसी सोच रखते हैं. इसे रोका जाये, इसका दुष्परिणाम होगा. नदी का अतिक्रमण करने के मामले में अब हरित क्रांति चलाने वाले लोग भी हरकत में आ गये है और यह मामला नेशनल ग्रीन ट्रीब्यूनल (एनजीटी) तक जा सकता है. बताया जाता है कि टाटा स्टील प्रबंधन की ओर से इसको यूनियन को सौंपा जाना है. यहां एक हजार पौधे लगाये जाने की बात कहीं गयी थी, जिसमें औषधीय पौधे होंगे. वैसे इसको लेकर खुद जिला प्रशासन चुप है और कंपनी भी.







