जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो-डिमना मेन रोड स्थित अग्रवाल भवन के पास गुरुवार दोपहर एक बिजली के खंभे में अचानक आग लग गयी. जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. खंभे से तेज लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने तुरंत बिजली विभाग और दमकल विभाग को सूचना दी, लेकिन समाचार लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका था. आग की वजह से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गयी है. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के चलते सड़क पर अफरा-तफरी की स्थिति रही और राहगीरों में दहशत का माहौल बन गया. गनीमत रही कि आग की चपेट में कोई व्यक्ति नहीं आया. दमकल की टीम मौके पर पहुंच कर आग बुझाने में जुटी है. बिजली विभाग ने भी आपूर्ति को तत्काल बंद कर दिया है ताकि कोई बड़ा हादसा न हो.




