
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिस्टुपुर थाना क्षेत्र के खरकाई नदी पर बने पुल के समीप भीषण आग भड़क उठी. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए और कुछ ही देर में काले धुएं का घना गुबार आसमान में छा गया. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग पुल के किनारे बिछाए गए केबलिंग तारों तक फैल गई, जिससे हालात और गंभीर हो गए. स्थानीय लोगों के अनुसार, आग की चपेट में जिओ, एयरटेल और बीएसएनएल जैसी कंपनियों के ऑप्टिकल फाइबर केबल भी आ गए. केबल जलने की खबर से क्षेत्र में इंटरनेट और संचार सेवाएं प्रभावित होने की आशंका गहरा गई है. (नीचे देखे पूरी खबर)
कई उपभोक्ताओं ने नेटवर्क में रुकावट और धीमी गति की शिकायत भी की. हालांकि दूरसंचार कंपनियों की ओर से देर रात तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई. घटना के कारणों को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है. कुछ स्थानीय नागरिकों का मानना है कि शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खामी के चलते आग लगी हो सकती है, जबकि अन्य ने तेज हवा को आग के तेजी से फैलने का कारण बताया. मौके पर मौजूद लोगों ने आग बुझाने के लिए दमकल विभाग को सूचना दी, लेकिन देर शाम तक टीम के नहीं पहुंचने पर नाराजगी भी देखने को मिली. प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और वास्तविक कारणों की जांच के आदेश दिए गए हैं. अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सुरक्षा के मद्देनजर घटनास्थल से दूरी बनाए रखें. फिलहाल, क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है.














