जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र स्थित काशीडीह के सगुण पैलेस अपार्टमेंट में सोमवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब एक बंद फ्लैट में अचानक आग लग गई. बताया जा रहा है कि फ्लैट के मालिक विदेश में रहते हैं और फ्लैट लंबे समय से बंद था. आग अपार्टमेंट के चौथे तल्ले पर स्थित फ्लैट में लगी, जहां कमरे में रखे गद्दे में अचानक धुआं और आग उठने लगा. (नीचे भी पढ़ें)

स्थानीय लोगों और पड़ोसियों ने फ्लैट से धुआं निकलते देखा तुरत इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी. हालांकि अपार्टमेंट तक जाने वाला रास्ता काफी संकरा होने के कारण दमकल की बड़ी गाड़ियां मौके तक नहीं पहुंच सकीं. इसके बाद पड़ोसियों ने सूझ-बूझ दिखाते हुए पाइप और पानी की मदद से काफी मशक्कत कर आग पर काबू पा लिया. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. वहीं दमकल विभाग की एक गाड़ी भी घटनास्थल पर पहुंची. शुरुआती जांच में आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हुए हैं. घटना के बाद अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों में दहशत की स्थिति हो गई थी, लेकिन गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था.







