जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित सब्जी मार्केट में शनिवार देर शाम कथित तौर पर एक लाख रुपये की रंगदारी की मांग को लेकर हवाई फायरिंग की घटना सामने आई. फायरिंग की आवाज से पूरे बाजार में दहशत फैल गई और दुकानदारों व ग्राहकों में अफरातफरी मच गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ युवक बाजार पहुंचे और कथित रूप से रंगदारी की मांग को लेकर दुकानदारों से विवाद करने लगे. इसी दौरान युवकों ने लोगों को डराने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग की. घटना के बाद कई दुकानदार अपनी दुकान छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भाग गए, जिससे कुछ समय के लिए भगदड़ जैसी स्थिति हो गई. (नीचे भी पढ़ें)

सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. साथ ही, दुकानदारों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान के प्रयास कर रही है. (नीचे भी पढ़ें)
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे एक लाख रुपये की रंगदारी की मांग का विवाद है. हालांकि, पुलिस ने अभी तक रंगदारी के एंगल की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापामारी जारी है. घटना के बाद बाजार क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है.















