जमशेदपुर : झारखण्ड में वन विभाग अब तकनीक के जरिये जंगली इलाकों में पौधरोपण करने की तैयारी में है. इसकी शुरुआत चांडिल वन क्षेत्र से की गई है. विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर वन विभाग ने इसका सफल प्रयोग भी कर लिया है. विभाग द्वारा पहाड़ों के समतल स्थलों पर जहां बीज से पौधा अंकुरित हो और वह पेड़ का रूप ले सके, वहां ड्रोन से पौधा रोपण किया गया. विभाग ने ड्रोन से बांस और फलदार पौधो का सीड बॉल्स गिराया है जिसको लेकर वन विभाग बेहद ही उत्साहित है और अब इसे व्यापक स्तर से करने की तैयारी में जुट गई है. चांडिल रेंज के कुशपुतुल से इसकी शुरुआत की गई. डीएफओ सबा आलम अंसारी की मौजूदगी में इसकी शुरुआत हुई. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने बताया कि सीड बाल मिट्टी से बने गेंद होते हैं, जिसमें पौधों का बीज डाला जाता है. इसमें पौधों के विकास के लिए खाद डाला जाता है. ड्रोन का इस्तेमाल कर पौधा रोपने का यह नया तरीका है. यह खासकर उन जगहों पर उपयोगी है जहां जमीन तक पहुंचना मुश्किल है. वन विभाग ने इस मौसम ड्रोन से 5 लाख से अधिक पौधा रोपण करने का लक्ष्य रखा है. डीएफओ सबा आलम अंसारी ने बताया कि जंगल में विचरण करने वाले जानवरों को भोजन उपलब्ध कराने के लिए पहाड़ी इलाकों में ड्रोन से पौधा रोपण किया जा रहा है. चांडिल वन क्षेत्र में जंगली हाथियों का आवागमन काफी होता है. इसलिए पहाड़ी इलाकों में ड्रोन के माध्यम से पौधा रोपण किया गया, ताकि हाथियों को जंगल में भोजन उपलब्ध कराया जा सके. झारखंड में पहली बार ड्रोन के माध्यम से पौधा रोपण किया गया है जो सफल रहा है अब दूसरे जिलों में भी इस तकनीक को अपनाया जाएगा. इस दौरान ग्रामीण भी काफी संख्या में जुटे और तकनीक के जरिये प्लांटेशन कैसे होता है इसकी जानकारी ली.














