जम्मू/श्रीनगर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 6 जून को तिरंगा दिखा कर चिनाब रेलवे ब्रिज का उद्घाटन किया. उद्घाटन से पूर्व उन्होंने सबसे ऊंचे रेलवे ब्रिज का जायजा लिया. जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में चिनाब नदी के ऊपर यह ब्रिज बनाया गया है. इसके बाद अंजी ब्रिज का भी पीएम मोदी ने उद्घाटन किया. विदित हो कि अंजी ब्रिज, भारत का पहला केबल रेल ब्रिज है. इसके बाद कटरा-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस को पीएम नरेंद्र मोदी ने हरी झंडी दिखाई. यह घाटी को शेष भारत से जोड़ने वाली पहली ट्रेन है. कटरा स्टेशन पर कटरा-श्रीनगर वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाने से पहले उन्होंने ट्रेन के यात्रियों और चालक दल के सदस्यों से बातचीत की. उद्घाटन से पूर्व पीएम नरेंद्र मोदी ने चिनाब नदी पर बने विश्व के सबसे ऊंचे रेलवे पुल के निकट स्थित ‘व्यू प्वाइंट’ पर इस परियोजना के बारे में जानकारी दी. उन्होंने बताया कि कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से रेल द्वारा जोड़ने के लिए यह अहम है. उन्होंने केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, अश्विनी वैष्णव और सीएम उमर अब्दुल्ला के साथ प्रतिष्ठित पुल के पास स्थापित रेलवे संग्रहालय का दौरा किया.(नीचे भी पढ़े)

पीएम ‘व्यू प्वाइंट’ तक गए और नदी से 359 मीटर की ऊंचाई पर स्थित इंजीनियरिंग के उत्कृष्ट नमूने के तौर पर चिनाब पुल के बारे में उन्होंने जानकारी दी. विदित हो कि फिल टॉवर से 35 मीटर ऊंचा यह पुल है.संग्रहालय में इंजीनियरों और श्रमिकों के साथ पीएम ने बातचीत की. इसके बाद उन्होंने चिनाब रेलवे पुल और भारत के पहले ‘केबल-स्टेड’ रेलवे पुल जो अंजी नदी के ऊपर बना है, उसका उद्घाटन किया.पीएम ने कहा, हमने कश्मीर को रेलवे से जोड़ने का काम पूरा करके दिखाया. कोविड में मुसीबतें आईं, लेकिन हम डटे रहे. मौसम की परेशानी, पहाड़ों से गिरते पत्थऱ…ये सब चुनौतीपूर्ण था, लेकिन सरकार ने चुनौती को ही चुनौती देने का रास्ता चुना है. कुछ महीने पहले सोनमर्ग टनल शुरू हुई है.कहा, ‘दुर्भाग्य से हमारे पड़ोस का देश, मानवता का विरोधी. वहदेश है जो गरीब की रोजी-रोटी का भी विरोधी है. 22 अप्रैल को पहलगाम में जो हुआ, वह इसी का उदाहरण है. पाकिस्तान ने इंसानियत और कश्मीरियत पर हमला किया. हमने 6 मई को उसे तबाह कर दिया.(नीचे भी पढ़े)

सात घंटे की यात्रा अब तीन घंटे में होगी पूरी
पीएम मोदी के उद्घाटन के बाद इन दोनों वंदे भारत ट्रेनों की वाणिज्य की यात्राएं शनिवार सात जून से शुरू हो जाएंगी. श्रीनगर और श्री वैष्णो देवी कटरा के बीच का सभी शुल्कों सहित किराया चेयर कार श्रेणी में 715 रुपए और एग्जीक्यूटिव क्लास में 1320 रुपए निर्धारित किया गया है. देश के विभिन्न हिस्सों से इन दोनों ट्रेनों के चलने से विभिन्न हिस्सों से कटरा पहुंचने वाले पर्यटकों और रेल यात्रियों को कश्मीर पहुंचने में आसानी होगी. उनकी सात घंटे की सड़क मार्ग की यात्रा अब तीन घंटे में पूरी होगी.(नीचे भी पढ़े)

जनसभा में केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा, ‘ठीक 11 साल पहले प्रधानमंत्री मोदी कटरा रेलवे स्टेशन के उद्घाटन के लिए यहां आए थे. उस समय मैंने कहा था कि कटरा में कोई तभी आता है जब माता बुलाती है.पीएम मोदी का यहां आना किसी न किसी कारण से टलता रहा. फिर चुनाव की घोषणा हुई, सरकार बदली और माता की इच्छा पूरी हुई कि पीएम मोदी प्रधानमंत्री बनें और कटरा रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करें. शायद विधाता चाहते थे कि पीएम मोदी दोबारा प्रधानमंत्री बनें ताकि वो कश्मीर घाटी को रेलवे से जोड़ने का ऐतिहासिक काम कर सकें.जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जनसभा में कहा- बीच-बीच में जब कभी रेल के बड़े प्रोग्राम हुए मुझे पीएम मोदी के साथ जुड़ने का मौका मिला. मेरी पहली सरकार का आखिरी प्रोग्राम ठीक इसी जगह आपके साथ 2014 में हुआ. उस प्रोग्राम में जो चार लोग शामिल थे, वही चार आज भी स्टेज पर बैठ हैं. आप उस समय पहली बार पीएम बने थे और यहां आए थे.



