
जमशेदपुर : भाजपा जमशेदपुर महानगर के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से शिष्टाचार भेंट कर उनका अभिनंदन किया. केंद्रीय मंत्री श्री प्रधान के आवासीय कार्यालय में हुई इस मुलाकात में काफ़ी आत्मीयता दिखी. केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने झारखंड और विशेषकर जमशेदपुर की राजनीतिक गतिविधियों पर भी चर्चा की. उन्होंने दिनेश कुमार के संग बीते वर्षों में हुई राजनीतिक गतिविधियों और मुलाकातों पर भी चर्चा करते हुए यादें ताज़ा की. दिनेश कुमार ने शिक्षा के क्षेत्र में कोल्हान सहित मुख्य रूप से जमशेदपुर पर विशेष फ़ोकस करने का निवेदन किया, ताकि उच्च शिक्षा के लिए युवाओं को अन्य राज्यों में पलायन ना करना पड़े. केंद्रीय मंत्री ने दिनेश कुमार के संगठन के प्रति समर्पण और कर्तव्यनिष्ठता की सराहना करते हुए उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य के लिए शुभाशीष दिया. पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार दिल्ली प्रवास पर हैं. केंद्रीय कैबिनेट में पिछले दिनों हुए फेरबदल के बाद धर्मेंद्र प्रधान को शिक्षा मंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है. दिनेश कुमार ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंटकर बधाई दी.




