
जमशेदपुर : कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता और जमशेदपुर के पूर्व सांसद, आईपीएस डॉ अजय कुमार ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर मातृभूमि केलिए लद्दाख की गलवान घाटी में अपने प्राणों की आहुति देने वाले झारखंड के शहीदों के लिए मुआवजे की मांग की है. डॉ अजय ने मुख्यमंत्री को लिखे अपने पत्र में अनुरोध किया है कि वीरगति को प्राप्त करनेवाले गणेश हांसदा (बहरागोड़ा) और कुंदन कांत ओझा (डिहारी, साहेबगंज) अपने घर के एकमात्र कमाने वाले थे. झारखंड सरकार ने शहीदों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये, सरकारी नौकरी, पेट्रोल पंप, घर बानने व कृषि योग्य जमीन प्रदान करने की घोषणा की थी. झारखंड सरकार ने अपना वादा निभाते हुए एक महीने के अंतराल में ही शहीदों के परिजनों तक 10 लाख रुपये की सहायता पहुंचा दी थी, लेकिन कोविड के कारण नौकरी एवं जमीन देने में अब विलंब हो रहा है. देश में आज महंगाई चरम पर है और आये दिन आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि हो रही है. इससे ज्ञात होता है कि झारखंड सरकार द्वारा दी गयी सहायता राशि कुछ ही समय तक परिजनों के काम आ सकती है. पत्र में डॉ अजय कुमार ने कहा है कि झारखंड को अपने शहीद जवानों पर गर्व है और संकट की इस घड़ी में परिजनों के साथ पूरी संवेदनाएं हैं. अत: शहीदों के परिजनों को राज्य सरकार द्वारा घोषित सरकारी नौकरी, पेट्रोल पंप, घर बनाने या कृषि योग्य जमीन प्रदान की जाये.



