
जमशेदपुर : जमशेदपुर के भूतपूर्व सांसद शहीद सुनील महतो का शहादत दिवस गुरुवार को कदमा स्थित गणेश पूजा मैदान में मनाया गया. इस सादे समारोह में सांसद स्व सुनील महतो की पत्नी व जमशेदपुर की पूर्व सांसद सुमन महतो समेत अन्य लोग उपस्थित थे. सबों ने शहीद सुनील महतो की तस्वीर पर श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके कार्यों को याद किया. साथ ही उनके आदर्शों के साथ जनसेवा के कार्य में सहभागिता का संकल्प दोहराया.
इस दौरान पूर्व सांसद सुमन महतो ने कहा कि सांसद सुनील महतो हत्याकांड मामले में अब वह न्याय की उम्मीद छोड़ चुकी हैं. क्योंकि 15 साल का इंतजार काफी होता है. पहले यह मामला सीबीआई के हाथों में थी, लेकिन सीबीआई ने अब इसे संभवत: ठंडे बस्ते में डाल दिया है. सुमन महतो ने कहा कि इसके मद्देनजर वह एनआईए से भी मामले की जांच की मांग कर चुकी हैं, लेकिन अब तक उसका कोई जवाब नहीं आया है. हर दरवाजा खटखटा कर थक चुकी हूं. इन सबसे प्रतीत होता है कि अब इस मामले में कुछ होने वाला नहीं है. अत: सरकार किसी की भी हो, अब वह न्याय की उम्मीद छोड़ चुकी हैं.





