जमशेदपुर : जमशेदपुर के बर्मामाइंस ईस्ट प्लांट बस्ती पंजाबी लाइन निवासी जसपाल सिंह और टेल्को कॉलोनी क्रॉस रोड-4 निवासी कुलदीप सिंह ने साकची थाना में फिल्म अभिनेता गोविंदा, चंकी पांडेय, मनोज तिवारी, रजा मुराद, शक्ति कपूर समेत मैक्सीजोन टच प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के डायरेक्टर चंद्रभूषण सिंह, उनकी पत्नी सह डायरेक्टर प्रियंका सिंह और परसुडीह विद्यासागर पल्ली निवासी व कंपनी के जमशेदपुर शाखा के हेड सूर्य नारायण पात्रो के खिलाफ आठ लाख रुपये धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया गया है. इस संबंध में साकची थाना में केस दर्ज किया गया है. मामला सितंबर 2021 से फरवरी 2022 के बीच का है.
दर्ज केस में जसपाल सिंह ने बताया है कि सितंबर 2021 से फरवरी 2022 के बीच उन्होंने मैक्सीजोन टच प्राइवेट लिमिटेड में आठ लाख रुपये जमा किया था. कंपनी द्वारा फायदा दिलाने का प्रलोभन दिया गया था. कंपनी के प्रचार में फिल्म अभिनेता गोविंदा, चंकी पांडेय, मनोज तिवारी, रजा मुराद, शक्ति कपूर भी शामिल थे. मालूम हो कि मैक्सीजोन टच प्राइवेट लिमिटेड में कई लोगों ने करोड़ रुपये जमा कराये थे. कुछ समय बाद उन्हें ना तो पैसा लौटाया गया और ना ही ब्याज दिया गया. लगातार टाल मटोल किया गया. फिर उन्होंने इस मामले में पहले कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था, उसके बाद कोर्ट के आदेश पर जमशेदपुर के साकची थाना में मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने इस मामले में कंपनी के डायरेक्टर चंद्रभूषण सिंह और उनकी पत्नी प्रियंका सिंह को पिछले दिनों धनबाद में राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन से गिरफ्तार किया था. फिलहाल दोनों जेल में हैं. वहीं थाना प्रभारी ने बताया कि तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है.




