
जमशेदपुर : जमशेदपुर में गहने सफाई करने के बहाने ठगी कर गहने उड़ाने वाला गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गया है. ताजा मामला टेल्को थाना क्षेत्र के खड़ंगाझार हनुमान मंदिर रोड निवासी राजिंदर कौर के साथ का है. ठगों ने गहने साफ करने के बहने उनके गहने ठग लिए. ठगे जाने की जानकारी होने पर जब तक वह बाहर जाकर उन्हे रोकती तब तक ठग बाइक से फरार हो चुके थे. उन्होने इसकी जानकारी पड़ोसियों को दी. पड़ोस में ही लगे सीसीटीवी की जांच करने पर दोनों ठगों की तस्वीर सामने आ गई है. राजिंदर कौर ने बताया कि वह काम से बाजार गई थी. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने बताया कि लौटने के क्रम में दो युवक बाइक से उनका पीछा करते हुए घर पहुंचे. वे घर में घुसी ही थी कि पीछे से दोनों युवक घर आए और आयुर्वेद का प्रचार करते हुए कुछ सामान दिखाने लगे. ठगों ने पहले बरतन साफ करके दिखाया फिर चांदी के गहने साफ करने के लिए मांगे. चूंकि उनके पास चांदी के गहने नहीं थे इसलिए उन्होने अपने गले से सोने की चेन निकालकर साफ करने को दी. सोने की चेन साफ करने के बाद ठगों ने सोने की चुड़ी साफ करने के लिए मांगी. एक टीफिन में कुछ तरल पदार्थ में डालकर रखने को कहा. ठगों ने सफाई करने के लिए टूथपेस्ट की मांग की. उस तरल पदार्थ में टूथपेस्ट में डालकर फरार हो गए. जब उन्होने टीफिन की जांच की तो उसमें कुछ भी नहीं था. इस मामले में राजिंदर ने टेल्को थाना में लिखित शिकायत की है.






