जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा बीएच एरिया में इस वर्ष श्रीश्री गणेश पूजा महोत्सव का 108वां वर्ष धूमधाम और भव्य तरीके से मनाया जाएगा. श्रीश्री गणेश पूजा महोत्सव समिति की ओर से आयोजित यह धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम 14 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक चलेगा. इसे लेकर शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस किया गया. बताया गया कि आयोजन के दौरान विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, पूजा-अर्चना, भजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और मेला आकर्षण का केंद्र रहेंगे. समिति की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 14 सितंबर सोमवार को प्रातः 9:30 बजे कलश स्थापना, प्राण प्रतिष्ठा और अखंड ज्योति का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इसमें मुख्य अतिथि के रूप में अर्जुन मुंडा तथा सम्मानित अतिथि जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय सहित समाजसेवी अमरप्रीत सिंह काले, आरके सिन्हा, विनोद सिंह, एनवीआर समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे. संस्था के ट्रस्टी बी अप्पलानंद, बी बापूजी, ए वेंकट अप्पा राव, एम कनक राव, वी आनंद राव और एस शंकर राव भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे. (नीचे भी पढ़ें)

इसी दिन शाम 6 बजे मेला उद्घाटन किया जाएगा. उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो शामिल होंगे. वहीं पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, पूर्व सांसद सुमन महतो, ईचागढ़ विधायक, जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी, टाटा वर्कर्स यूनियन के पूर्व अध्यक्ष आर. रवि प्रसाद समेत शहर के कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहेंगे. 14 सितंबर की शाम 7 बजे से संगीत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जबकि रात 8 बजे पंडाल का उद्घाटन होगा. पंडाल उद्घाटन समारोह में ओडिशा के पूर्व राज्यपाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. सम्मानित अतिथि के रूप में श्री लेदर के निदेशक शेखर डे तथा विशिष्ट अतिथियों में अशोक नाराज, पिंटू भाटिया, नंदजी प्रसाद, आत्तिक महतो, रवीन्द्र झा (नड्डू झा), दिवाकर सिंह सहित समिति के ट्रस्टी और शहर के अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे. (नीचे भी पढ़ें)
प्रतिदिन होंगे धार्मिक अनुष्ठान : 15 सितंबर से 29 सितंबर तक प्रतिदिन सुबह धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा. सुबह 5:30 बजे सुप्रभात एवं वेद परायण, 7 से 8 बजे तक अभिषेकम पूजा, 9 बजे सहस्रनाम पूजा, 10 बजे होमम पूजा तथा सुबह 11 बजे आरती और प्रसाद वितरण होगा. इन धार्मिक अनुष्ठानों को आंध्र प्रदेश के पार्वतीपुरम से आए पुरोहित श्री शशिभूषण शास्त्री जी संपन्न कराएंगे. इस दौरान सुबह और शाम श्री दुर्गा नादस्वरम ग्रुप, बोब्बिली, आंध्र प्रदेश की ओर से नादस्वरम वादन भी किया जाएगा, जिससे पूरे पूजा परिसर में धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण बना रहेगा. (नीचे भी पढ़ें)
भजन और विशेष पूजा होंगे आकर्षण : महोत्सव के दौरान विभिन्न दिनों में विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. गुरुवार को रात 9 बजे से जलाराम भजन मंडली द्वारा भजन कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा. वहीं दो शुक्रवार को सुहागिन महिलाओं के लिए कुमकुम पूजा का आयोजन किया जाएगा. इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल होंगी. शनिवार को श्री साई सेवा ऑर्गनाइजेशन की ओर से शाम 4 बजे से 5:30 बजे तक भजन कार्यक्रम होगा. इसके अलावा सोमवार को श्री शेषाद्रि कोलाटम ग्रुप द्वारा ललिता सहस्रनाम मंत्रोच्चारण का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि 108वें वर्ष के इस आयोजन को यादगार बनाने के लिए धार्मिक कार्यक्रमों के साथ सांस्कृतिक आयोजन और मेले की भी व्यापक तैयारी की गई है. आयोजकों ने शहरवासियों से बड़ी संख्या में पूजा एवं अन्य कार्यक्रमों में शामिल होकर महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है.




