जमशेदपुर: जमशेदपुर के गोविंदपुर का राजा के नाम से प्रसिद्ध भगवान गणपति की इस वर्ष 26 फीट ऊंची विशाल प्रतिमा श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. अलौकिक, आकर्षक और भव्य स्वरूप वाली यह विशाल प्रतिमा देखने के लिए श्रद्धालुओं में उत्साह देखा जा रहा है. इस वर्ष गणेश पूजा की साज-सज्जा लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की थीम पर आधारित की गई है. पूजा पंडाल और आकर्षक सजावट श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित करेगी. आयोजन स्थल पर भव्य मेले की भी व्यवस्था की गई है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों के पहुंचने की उम्मीद है. (नीचे भी पढ़ें)

विशाल गणपति प्रतिमा को मानगो से गोविंदपुर तक सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक लाने में पूजा कमिटी के सदस्यों, विद्युत विभाग, प्रशासन तथा गोविंदपुरवासियों ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया. पूजा कमिटी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया है. कमिटी ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर ‘गोविंदपुर के राजा’ के दर्शन करने और गणपति बप्पा का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है.




