जमशेदपुर : राजस्थान की प्रमुख आध्यात्मिक स्थल, श्री पंचखण्ड के पीठाधीश्वर स्वामी सोमेंद्र महाराज ने बताया कि देश भर में संतों द्वारा गौ रक्षा एवं गौसेवा के लिए “गौ सम्मान आह्वान अभियान” चलाया जा रहा है, जिसका वर्तमान में तीसरा चरण चल रहा है. रविवार को पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने बताया कि 17 दिसंबर को रांची में एक लाख गौभक्त एकत्र होकर एक करोड़ हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन महामहिम राष्ट्रपति एवं माननीय प्रधानमंत्री के नाम झारखंड के मुख्य सचिव को सौंपेंगे. इस अभियान का उद्देश्य गौ हत्या पर प्रतिबंध के लिए केंद्रीय कानून बनाने, गौमाता को राष्ट्रीय सम्मान दिलाने तथा गौ पालन विभाग के गठन सहित विभिन्न मांगों को सरकार के समक्ष रखना है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने बताया कि इसके पूर्व 27 अप्रैल एवं 27 जुलाई 2026 को दो चरणों में पूरे देश में 21 करोड़ हस्ताक्षर करवाए जा चुके हैं. अभियान के अगले चरण में भी व्यापक जनसंपर्क एवं जन जागरण के माध्यम से गौभक्तों को इससे जोड़ने का कार्य किया जा रहा है. स्वामी सोमेंद्र महाराज ने बताया कि अभियान के अंतर्गत 15 नवंबर से 05 दिसंबर 2026 तक 21 दिनों की गौ रक्षा रथ यात्रा पूरे झारखंड में निकाली जाएगी. इस दौरान विभिन्न जिलों में गौ भक्तों की सभाएं एवं बैठकें आयोजित कर लोगों को अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा. इसी क्रम में आज सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अनन्त सरायवाला, रमेश कुमार सिंह, प्राची सर्वप्रिया, सुशील कुमार सर्वा, प्रकाश जोशी, आयुष अग्रवाल, महेंद्र अग्रवाल, सुमित खंडेलवाल एवं विनय शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे. गौमाता की रक्षा, सेवा एवं सम्मान के लिए जन-जन की सहभागिता और व्यापक जनजागरण का आह्वान किया गया.




