जमशेदपुर:भारतीय जनता पार्टी परसुडीह मंडल, जमशेदपुर महानगर की ओर से बहुचर्चित खासमहाल–गोविंदपुर सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने की मांग को लेकर रविवार को व्यापक जनसमर्थन हस्ताक्षर अभियान चलाया गया.भाजपा परसुडीह मंडल अध्यक्ष सुमित कुमार शर्मा के नेतृत्व में यह अभियान चांदनी चौक परसुडीह, त्रिवेणी टॉवर चौक परसुडीह एवं मकदमपुर रेलवे फाटक चौक परसुडीह में आयोजित किया गया. अभियान में क्षेत्र के बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए हस्ताक्षर के माध्यम से सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग का समर्थन किया. अभियान के दौरान लगभग 3,500 लोगों ने हस्ताक्षर कर अपना समर्थन दर्ज कराया.(नीचे भी पढ़े)

जनता के पैसे का सदुपयोग और गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण जरूरी : राम सिंह मुंडा
इस अवसर पर भाजपा झारखंड प्रदेश के नेता राम सिंह मुंडा ने कहा कि लगभग 18 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से बनने वाली खासमहाल–गोविंदपुर सड़क क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है. लंबे समय से निर्माण कार्य अधूरा रहने के कारण स्थानीय नागरिकों, व्यवसायियों, राहगीरों एवं वाहन चालकों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में पारदर्शिता, गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित होना चाहिए. जनता के पैसे का सदुपयोग हो और निर्माण कार्य टिकाऊ एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए, यह प्रशासन एवं संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है.राम सिंह मुंडा ने कहा कि जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही के विरुद्ध लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाई जाएगी. क्षेत्र की जनता की मांग है कि अधूरे निर्माण कार्य को शीघ्र गति देकर पूरा किया जाए.(नीचे भी पढ़े)

निर्माण पूरा होने तक लोकतांत्रिक आंदोलन जारी रहेगा : सुमित कुमार शर्मा
भाजपा परसुडीह मंडल अध्यक्ष सुमित कुमार शर्मा ने कहा कि खासमहाल–गोविंदपुर सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने की मांग को लेकर भाजपा परसुडीह मंडल द्वारा जनसमर्थन हस्ताक्षर अभियान शुरू किया गया है.उन्होंने कहा कि अभियान में जिस प्रकार स्थानीय नागरिकों का समर्थन मिला है, उससे स्पष्ट है कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से सड़क निर्माण कार्य पूरा होने की प्रतीक्षा कर रही है. संबंधित विभाग एवं प्रशासन को जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्माण कार्य में तेजी लानी चाहिए तथा सड़क का निर्माण निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा करना चाहिए.सुमित कुमार शर्मा ने स्पष्ट कहा कि “सड़क निर्माण कार्य पूरा होने तक भाजपा परसुडीह मंडल लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपना जनआंदोलन जारी रखेगा.”(नीचे भी पढ़े)

स्थानीय नागरिकों की प्रमुख मांग: भाजपा नेताओं ने कहा कि खासमहाल–गोविंदपुर सड़क पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं. निर्माण कार्य में विलंब के कारण क्षेत्र की जनता को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.इसलिए सड़क निर्माण कार्य को अनावश्यक रूप से लंबित न रखते हुए शीघ्र, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाना आवश्यक है.(नीचे भी पढ़े)
इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा झारखंड प्रदेश के नेता राम सिंह मुंडा, भाजपा परसुडीह मंडल अध्यक्ष सुमित कुमार शर्मा, जिला परिषद सदस्य कुसुम पूर्ति, पंचायत समिति सदस्य रूद्र मुंडा, विजय विश्वकर्मा, अजय सिंह, विनोद सिंह, रामप्रसाद जायसवाल, गिरिजा रंजन, दुर्गा सेनापति, आरती ओझा, बीना शर्मा, शर्मिष्ठा चक्रवर्ती, प्रकाश सांडिल, विवेक मुंडा, दीपक बरनवाल, विश्वजीत चक्रवर्ती, जयंतो दास, राजेश शर्मा, केदार मंडल, राजेश कुमार सिंह, वीर बहादुर कुशवाहा, मनोज कुमार सिंह, शुभाशीष, रवि शर्मा, लाला कंजे सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे.




