रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से रविवार को मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर स्वर्णिम इतिहास रचने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम की झारखंडी खिलाड़ियों ने मुलाकात की. खिलाड़ियों में भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे, निक्की प्रधान, ब्यूटी डुंगडुंग एवं दीपिका सोरेंग शामिल थीं.मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सभी खिलाड़ियों से उनके शानदार प्रदर्शन की तैयारियों से संबंधित जानकारी प्राप्त की तथा अनुभव को जाना. (नीचे भी पढ़े)

मुख्यमंत्री ने मिठाई खिलाकर इस शानदार उपलब्धि के लिए उनकी हौसला अफजाई की और अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया. इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी. उन्होंने कहा कि एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक प्राप्त कर स्वर्णिम सफलता अर्जित करने में झारखंड की खिलाड़ियों का योगदान राज्य व देश के लिए गौरव व सम्मान की बात है. खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, परिश्रम, अनुशासन और अदम्य जज्बे से देश का गौरव बढ़ाया है. (नीचे भी पढ़े)

खिलाड़ियों की इस शानदार उपलब्धि से राज्य के खेल इतिहास में एक और गौरवपूर्ण अध्याय जुड़ गया है. इन उपलब्धियों से झारखंड के साथ-साथ देश की युवा पीढ़ी, खिलाड़ियों एवं विशेषकर राज्य की बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा मिलेगी. मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को आगे भी इसी उत्साह, लगन, परिश्रम व समर्पण के साथ देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि झारखंड में खेल प्रतिभाओं को उभारने के लिए राज्य सरकार प्रयत्नशील है. (नीचे भी पढ़े)

खिलाड़ियों से विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन ने भी मिलकर बधाई व शुभकामनाएं देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया.मौके पर खिलाड़ियों के साथ हॉकी झारखंड के डीजी विजय शंकर सिंह, इंटरनेशनल रेसलिंग कोच-सह-सीईओ झारखंड रजनीश कुमार एवं जेनरल सेक्रेटरी मनोज कुमार प्रसाद भी उपस्थित रहे.




