
Jamshedpur : एक बार फिर छोटा गोविंदपुर में व्यापक सफाई अभियान की शुरुआत गुरुवार से हो गई. कचरे के अंबार, जाम नालियों के साथ मलेरिया व डेंगू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए गोविंदपुर के तीन तल्ला से साफ सफाई की शुरुआत हुई. एजेंसी के सुपरवाइजर जितेंद्र कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से करीब 40 स्थान बताये गये हैं जहां साफ-सफाई की जाएगी. 4 दिनों में पूरे गोविंदपुर की साफ-सफाई हो जाएगी. इस सफाई अभियान में टाटा मोटर्स, टाटा पावर एवं नुवोको विस्टास का सहयोग है.
बारिश के कारण बंद था अभियान
दुर्गा पूजा से पूर्व 23 सितंबर को सफाई अभियान की शुरुआत हुई थी. महज एक दिन ही सफाई होने के बाद इसे बंद कर दिया गया था. बताया गया कि बारिश के कारण सफाई अभियान को रोक दिया गया था. बारिश और पूजा समाप्त होने के बाद एक बार फिर से इसकी शुरुआत हुई है. इससे लोगों को गंदगी से राहत मिलेगी.
डेंगू मलेरिया का प्रकोप से भयाक्रान्त
इधर बजबजाती नालियां, कचरे के अंबार के कारण गोविंदपुर समेत सुदूर ग्रामीण इलाकों में डेंगू व मलेरिया का प्रकोप तेजी से बढ़ा है. टाटा मोटर्स अस्पताल के साथ गोविंदपुर नर्सिंग होम में भी कई मरीजों का इलाज चल रहा है. इसी बीच गोविंदपुर की जिला पार्षद सुनीता साह डेंगू से ग्रसित होकर टाटा मोटर्स अस्पताल में इलाजरत हैं. अब तो लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधि सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता का क्या होगा?




