जमशेदपुर : जमशेदपुर और आस पास के इलाकों में मंगलवार को सुहागिन महिलाओं ने पूरे श्रद्धा भाव से हरतालिका तीज व्रत किया. तीज के अवसर पर सुहागिन महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी. महिलाओं ने सोलह शृंगार कर मंदिर परिसर में पहुंचकर शिव पार्वती की पूजा अर्चना की, साथ ही पुरोहितों से व्रत की कथा सुनी. हरतालिका तीज का महत्व सुहागिन महिलाओं के लिए बेहद खास माना जाता है. इस दिन सोलह शृंगार कर शिव-पार्वती की पूजा करती हैं. महिलाओं ने विधि-विधान पूर्वक फल, प्रसाद और फूल अर्पित कर भगवान शिव-पार्वती की आराधना की. साथ ही, सुहागिनों ने पति के लिए दीर्घायु की कामना की. व्रती महिलाएं पूरे दिन निर्जला उपवास रख शाम को व्रत की कथा का श्रवण करने के पश्चात बुधवार सुबह व्रत का पारण करेंगी.(नीचे भी पढ़े)

न्यू बाराद्वारी नीलगिरी अपार्टमेंट में तीज महोत्सव
इधर नीलगिरी अपार्टमेंट न्यू बाराद्वारी शिव मंदिर में हरियाली तीज महोत्सव समिति के द्वारा हरितालिका तीज का आयोजन किया गया. 40 महिलाओं ने सामूहिक रुप से भगवान शिव व माता पार्वती की पूजा अर्चना की. इसके बाद पुरोहितों से व्रत कथा सुनी. बुधवार को व्रती महिलाएं पारण करेंगी. अवसर पर समिति के अध्यक्ष उपेंद्र नारायण सिंह, रमेश रेनपाडा, गौतम पांडे, बचपन चौबे समेत और कई लोग मौजूद थे.(नीचे भी पढे)

जादूगोड़ा गोरखा समिति की महिलाओं ने मनाया तीज
दूसरी ओर भारतीय गोरखा समिति जादूगोड़ा की महिलाओं ने पावन पर्व तीज पर निर्जला व्रत रखकर अपने पति की लंबी उम्र की कामना की. इस मौके पर जादूगोड़ा के एक रेस्टोरेंट में पहले परम्परा का निर्वाह करते हुए दरखाने प्रथा मनाया व तीज पर महिलाएं अपने पति की लम्बी उम्र के लिए पूजा पाठ की.इस दौरान सांस्कृतिक गीत और नृत्य का आनंद उठाया.



