
जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में इलाज में लापरवाही के कारण महिला की मौत के मामले में गुरुवार को झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई होनी थी. हालांकि गुरुवार को होने वाली सुनवाई टल गई है. अगली सुनवाई 2 मार्च को होगी. यह सुनवाई चीफ जस्टिस रवि रंजन और जस्टिस एसएन प्रसाद की अदालत में होनी थी. मामले में अदालत ने स्वत: संज्ञान लेते हुए पूरे मामले की जांच का जिम्मा झालसा सचिव को सौंपा था. आज अदालत में जांच रिपोर्ट सौंपी जानी थी. इसके पहले झालसा सचिव द्वारा एमजीएम अस्पताल जाकर मामले की जांच की गई थी. बता दें कि चक्रधरपुर की रहने वाली एक महिला को उसके पति ने जला दिया था. महिला को किसी तरह अस्पताल में भर्ती कराया गया था. 90 प्रतिशत जली महिला को इलाज के लिए अस्पताल के इमरजेंसी में ही रखा गया था. वहीं अस्पताल प्रबंधन का कहना था कि अस्पताल के बर्न यूनिट में बेड नहीं होने के कारण महिला को शिफ्ट नहीं किया जा सका. बाद में महिला की मौत हो गई थी. इधर हाई कोर्ट के वकील अनूप अग्रवाल ने हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस को इसकी जानकारी दी थी. जिसके बाद हाईकोर्ट ने खुद मामले को संज्ञान में लिया था.






