
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना अंतर्गत बाला एंड संस सर्विस सेंटर के पास एक ट्रक और छोटा हाथी वाहन की आपस में टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि छोटा हाथी वाहन के परखच्चे उड़ गए. इधर घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया. घटना शनिवार सुबह 5 बजे की बताई जा रही है. घटना की सूचना पाकर बहरागोड़ा थाना प्रभारी चंद्रशेखर कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. घटना में छोटा हाथी सवार सोमनाथ मन्ना की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विद्युत महतो को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के एमजीएम रेफर कर दिया गया. मिली जानकारी के अनुसार मृतक सोमनाथ और घायल विद्युत पश्चिम बंगाल के बग्नान थाना क्षेत्र का रहने वाला है. दोनों छोटा हाथी वाहन पश्चिम बंगाल से फूल लेकर जमशेदपुर की ओर आ रहे थे, वही ट्रक जमशेदपुर से पश्चिम बंगाल की ओर जा रहा था. रास्ते में ही दोनों आपस में टकरा गए जिस से सोमनाथ की मौके पर ही मौत हो गई. फिलहाल पुलिस ट्रक मालिक का पता लगाने का प्रयास कर रही है.





