
जमशेदपुर : कर्नाटक में हिजाब पहनने को लेकर उपजा मामला दिन-प्रतिदिन गर्माता ही जा रहा है. इस मामले को लेकर गुरुवार को मुस्लिम समुदाय द्वारा एक रैली निकाली गई थी. वहीं शुक्रवार को इसी मामले में साकची के आम बगान में कर्नाटक सरकार का पुतला दहन किया गया. पूर्व निर्धारित इस कार्यक्रम में भारी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग जुटे थे. जुम्मे की नमाज के बाद धीरे धीरे लोग आम बगान मैदान में जुटने लगे थे. इस मौके पर काफी संख्या में हिजाब पहनकर महिलाएं भी मौजूद थीं, जो इसका विरोध करती नजर आई. इधर मौके पर पुलिस भी मौजूद रही. (नीचे भी पढ़ें व वीडियो देखें)
विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए खुद डीएसपी सीसीआर अनिमेष गुप्ता भी मौजूद रहे. मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि हिजाब उसकी मजहबी पहचान है. इसलिए वह हिजाब पहनना नहीं रोक सकती और जहां तक शिक्षा की बात है तो वह उनका अधिकार है. कॉलेज में ड्रेस कोड लाजमी नहीं है पर हिजाब उनके समाज के लिए लाजमी है. उन्हे धर्म का अधिकार दिया गया है, अगर कोई कहता है कि महिलाओं को हिजाब जबरदस्ती पहनाया जाता है पर ऐसा नहीं है, महिलाएं अपनी मर्जी से हिजाब पहनती है. जब तक केंद्र सरकार फैसला नहीं ले लेती तब तक विरोध होता रहेगा.






