
जमशेदपुर : बिहार की तर्ज पर झारखंड में भी मानदेय और सुविधाओं की मांग को लेकर यहां के होमगार्डों भी पिछले कई सालों से संघर्षरत हैं. अपनी मांगों को लेकर झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन के आह्वान पर पिछले महीने होमगार्ड के जवानों ने काम का बहिष्कार करते हुए राजधानी रांची में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया था. इधर होमगार्ड जवानों के विरोध को देखते हुए झारखंड सरकार ने आंदोलनरत होमगार्ड संगठनों से काम पर वापस लौटने की अपील की. साथ ही बिहार की तर्ज पर यहां के भी होम गार्डों को सुविधा देने का भरोसा दिलाया. जिसके बाद आज से सभी आंदोलनरत होमगार्ड जवान काम पर वापस लौट गए हैं. एसोसिएशन के प्रमंडल सचिव विनय सिंह ने बताया, कि सरकार को जब आंदोलनरत होमगार्ड के जवानों के सामूहिक गिरफ्तारी दिए जाने की जानकारी मिली, तो सरकार हरकत में आयी और आनन- फानन में यह फरमान जारी किया. उन्होंने सरकार के प्रति आभार प्रकट किया है.





