जमशेदपुर : जमशेदपुर के डिमना स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मुख्य गेट पर बने गार्ड रूम में पिछले 15 दिनों से पानी की आपूर्ति ठप है. पानी नहीं मिलने से शौचालय में गंदगी फैल गई है. ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवानों को खुले में पेशाब करने की मजबूरी हो रही है. इससे जवानों को परेशानी के साथ शर्मिंदगी भी उठानी पड़ रही है. गार्ड रूम के शौचालय की नियमित सफाई नहीं होने से वहां गंदगी और दुर्गंध फैल गई है. इसका असर अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों पर भी पड़ रहा है. मुख्य गेट से गुजरने के दौरान लोगों को गंदगी और दुर्गंध का सामना करना पड़ रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
महिला मरीजों और परिजनों के लिए स्थिति और अधिक असहज हो जाती है. बताया जाता है कि गार्ड रूम की पानी की टंकी में पानी पहुंचाने वाला मोटर खराब है. मोटर खराब होने के कारण पिछले करीब 15 दिनों से जलापूर्ति बाधित है. पानी नहीं होने से शौचालय की सफाई नहीं हो पा रही है, वहीं गार्ड रूम में बैठने वाले जवानों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. गार्डों का कहना है कि अस्पताल प्रबंधन को समस्या की जानकारी होने के बावजूद अब तक मोटर की मरम्मत कराकर पानी की व्यवस्था बहाल नहीं की गई है. इसे लेकर जवानों में नाराजगी है. उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से जल्द मोटर की मरम्मत कराने, पानी की आपूर्ति बहाल करने और शौचालय की सफाई कराने की मांग की है.




