
रांची : जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित होटल अलकोर में तथाकथित देह व्यापार के मामले में झारखंड हाईकोर्ट में गुरुवार को सुनवाई हुई. व्यापारी राजू भालोटिया की याचिका पर झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई हुई. इस सुनवाई को फिर से दस दिनों के लिए बढ़ा दिया गया. अब 10 दिनों के बाद नयी तिथि मुकर्रर की गयी है. इस सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता राजू भालोटिया की ओर से अधिवक्ता आरएस मजूमदार हाजिर हुए. झारखंड हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस एसके द्विवेदी की अदालत में याचिककर्ता की ओर से केस को लेकर दायर एफआइआर के क्वैसिंग की मांग की गयी. इस पर अगली सुनवाई की तिथि दस दिनों के बाद मुकर्रर की गयी. आपको बता दें कि 25 अप्रैल 2020 को बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के होटल अलकोर में पुलिस ने छापामारी की थी. इस छापामारी में पुलिस ने वहां से एक लड़की और आठ लोगों को गिरफ्तार किया था. इस मामले में होटल अलकोर के मालिक राजीव दुग्गल, लड्डू मंगोतिया, राजू भोलाटिया समेत कई लोगों को जेल भेज दिया था. इस मामले में यह बातें सामने आयी थी कि लॉकडाउन का उल्लंघन कर होटल में देह व्यापार कराया जा रहा था. इस मामले में काफी दिनों तक जेल में रहने के बाद आरोपी बाहर आये थे. अब उस केस को ही खारिज करने और निचली अदालत की कार्रवाई को निरस्त करने की मांग करते हुए याचिका दायर की गयी है.






