
जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. परसुडीह पुलिस ने थाना क्षेत्र के लोको कॉलोनी में दो रेलवे कर्मचारियों के घर घुसकर बंधक बनाकर लूटपाट करने के मामले में आठ माह से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. यह आरोपी बिहार के औरंगाबाद जिला के रफीगंज थाना क्षेत्र निवासी मो रफीक है, जिसको पुलिस ने गिरफ्तार किया है. रफीक के खिलाफ चांडिल रेल थाना समेत जमशेदपुर और आस-पास के जिलों में 17 मामले दर्ज है. रफीक ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर 29 जुलाई की रात लोको कॉलोनी और बर्मामाइंस के कैरेज कॉलोनी में रेलवे कर्मचारी के घर घुसकर बंधक बनाकर पिस्टल की नोक पर लूट कर ली थी. इस मालमे में पुलिस ने पूर्व में तीन अपराधियों को पकड़ लिया था, पर रफीक फरार चल रहा था. इधर रफीक ने मानगो के एक आलू व्यापारी से भी पिस्टल की नोक पर लूट की थी. भागने के क्रम में वह स्वर्णरेखा नदी में कूदकर फरार हो गया था. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वह इलाके में घुमकर किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में है. इसके बाद पुलिस ने एक टीम का गठन कर छापेमारी की और रफीक को गिरफ्तार कर लिया. छापेमारी दल में थाना प्रभारी विमल किंडो, एसआई रविकांत पराशर, एसआई सुबोध बड़ाईक, एसआई राहुल सिंह, एसआई रविंद्र कुमार सिंह, हवलदार राजकुमार सिंह और चालक राजकिशार यादव शामिल थे.





