नई दिल्ली : देश में एलपीजी सिलेंडरों की बढ़ती किल्लत के बीच पाइप्ड नैचुरल गैस (पीएनजी) के लिए नियमों में बदलाव किया गया है. सरकार ने ऐसे कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं को घरेलू एलपीजी सिलेंडर रखने, लेने या फिर से भरवाने से रोक दिया है. पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने इस बारे में घोषणा की है. उसने बताया कि एक संशोधित सप्लाई ऑर्डर के तहत ऐसा किया गया. यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब मिडिल ईस्ट में युद्ध को लेकर बढ़ते तनाव से एलपीजी सप्लाई बाधित हो गई है. वहीं, आइजीएल के जरिए 31 मार्च 2026 तक पीएनजी गैस लाइन का नया कनेक्शन लेने पर पहले बिल में 500 रुपये की छूट देने की घोषणा भी की गई है. मंत्रालय ने कहा है कि इस संशोधन में सरकारी तेल कंपनियों को भी उन उपभोक्ताओं को एलपीजी कनेक्शन या रीफिल देने से मना किया गया है जिनके पास पहले से ही पीएनजी कनेक्शन है. भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा एलपीजी उपभोक्ता है. अपनी लगभग 90% जरूरतों के लिए वह आयात पर निर्भर है. (नीचे भी पढ़ें)
केप्लर के डेटा के अनुसार विगत 9 मार्च से शुरू होने वाले सप्ताह में शिपमेंट लगभग 270,000 टन रहने का अनुमान है. यह अप्रैल 2023 के बाद से सबसे कम है. अमेरिका और इजराइल की ओर से ईरान पर किए गए हमलों के बाद मिडिल ईस्ट से सप्लाई लगभग पूरी तरह से रुक गई है. इन हमलों के कारण होर्मुज स्ट्रेट बंद हो गया है. पानी के इसी रास्ते से भारत में ज्यादातर एलपीजी का आयात होता है. पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने हाल ही में संसद को बताया था कि सरकार अमेरिका, नॉर्वे, कनाडा, अल्जीरिया और रूस से अतिरिक्त कार्गो (माल) मंगाने की कोशिश कर रही है. भारत आने वाले जहाजों के सुरक्षित मार्ग को सुनिश्चित करने के लिए ईरान के साथ बातचीत जारी है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा था कि रिफाइनरियों को उत्पादन अधिकतम करने का आदेश दिया गया है. इससे घरेलू एलपीजी उत्पादन में 28% की बढ़ोतरी हुई है. मांग को कंट्रोल करने के लिए एक साल में पहली बार खुदरा कीमतें भी बढ़ाई गई हैं. हाल ही में सरकार ने 7 मार्च को कुकिंग गैस की कीमतें लगभग एक साल में पहली बार बढ़ाईं. 14.2 किलोग्राम वाले सिलेंडरों की दरें 7% बढ़ाकर 913 रुपये कर दी गईं. इनका इस्तेमाल ज्यादातर मध्यम-वर्गीय परिवार करते हैं. वहीं, आइजीएल के जरिए 31 मार्च 2026 तक पीएनजी गैस लाइन का नया कनेक्शन लेने पर पहले बिल में 500 रुपये की छूट मिलेगी. यह छूट उन्हें भी मिलेगी जिन्होंने घर में पीएनजी का कनेक्शन ले लिया है, लेकिन अभी तक एक्टिव नहीं कराया है. आइजीएस ने यह फैसला दिल्ली में पीएनजी गैस लाइन के बढ़ते कनेक्शन की सुविधा को देखते हुए लिया है. यह सुविधा देशभर के सभी आइजीएल उपभोक्ताओं को मिलेगी.



