
जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम थाना अंतर्गत बेलाजुड़ी पंचायत के काशीडीह गांव में बन रहे ट्रेनिंग सेंटर के विरोध में मंगलवार को ग्रामीणों ने निर्माणाधीन ट्रेनिंग सेंटर का काम बंद करवा दिया और जम कर हंगामा किया. ग्रामीण तीर धनुष से लैस थे. इधर ट्रेनिंग सेंटर में काम करने वालों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना पाकर एमजीएम थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत करवाने का प्रयास किया, पर ग्रामीण इससे भी नहीं माने और हंगामा करने लगे. पुलिस ने मामला बिगड़ता देख क्यूआरटी टीम को इसकी सूचना दी. मौके पर क्यूआरटी की एक टीम को भी लगाया गया. ग्रामीणों ने आरोप लगाया की प्रशासन ने बिना किसी सूचना के निर्माण कार्य शुरू करवाया है, प्रशासन द्वारा बिना ग्राम सभा के इस योजना को पारित किया गया है. लगभग 2 घंटे हंगामा करने के बाद मामला शांत हो गया.
















