
जमशेदपुर : जमशेदपुर के घाघीडीह केंद्रीय कारा में पिछले 9 वर्षों से सजायाफ्ता कैदी मोहम्मद कासिम की मौत मामले को लेकर गुरुवार को मृतक के परिजन जिला मुख्यालय पहुंचे और मोहम्मद कासिम की मौत को एक साजिश बताते हुए पूरे मामले की जांच कर दोषी पुलिस और जेल प्रशासन पर कार्रवाई किए जाने की मांग की. इसकी जानकारी देते हुए मृतक के छोटे भाई मोहम्मद हमीद ने बताया कि 18 दिसंबर को उनके भाई (मृतक) ने फोन कर 1000 रुपए की मांग की थी. उस दौरान वे काफी घबराए हुए थे. अगले दिन जेल गेट पर तैनात सिपाही के माध्यम से भेजवाने की बात उन्होंने कही. उन्होंने बताया कि 21 दिसंबर को घाघीडीह कारा में बंद एक अन्य सजायाफ्ता कैदी के परिजनों से पता चला कि उनके भाई को चिकित्सकीय जांच के लिए कारा पुलिस लेकर गयी है. एमजीएम अस्पताल में काफी खोजबीन के बाद चिकित्सकों ने बताया कि कारा पुलिस मृत शरीर को लेकर आई थी. मोहम्मद हमीद ने पूरे प्रकरण में पुलिस और जेल प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिस कर्मियों एवं जेल कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है.





