जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र के आजादनगर रोड नंबर 1 मानगो नर्सिंग होम के पास बीती रात करीब 1:30 बजे एक तेज रफ्तार बलेनो कार ने जोरदार तरीके से बिजली के खंभे (इलेक्ट्रिक पोल) में टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि खंभा टूटकर सड़क पर गिर पड़ा, जिससे इलाके में बिजली आपूर्ति घंटों तक बाधित रही. हादसे के कारण बिजली का खंभा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सड़क पर बिखर गया. टक्कर के बाद कार के सामने हिस्से को भी काफी नुकसान पहुंचा है. (नीचे भी पढे़ं)
हालांकि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. इधर सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची. पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कार तेज रफ्तार में थी और सीधे जाकर बिजली के खंभे से जा टकरा गयी, जिससे खंभा पूरी तरह टूटकर गिर गया. जानकारी के अनुसार इस घटना की वजह से कई घंटे तक इलाके में बिजली नहीं रही. बिजली गुल होने से रातभर यहां के स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.



