जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र में ट्रेडिंग के नाम पर करीब 24 लाख रुपये लेने के आरोप से जुड़ा मामला सामने आया है. मामले में शिकायतकर्ता कुमार अंकित सिंह और सौरख दे के बीच आपसी सहमति से समझौता हुआ है. शिकायतकर्ता के अनुसार, करीब दो माह पहले सौरख दे ने ट्रेडिंग के नाम पर उनसे और कई अन्य लोगों से कुल करीब 24 लाख रुपये लिए थे.
समझौते के तहत सौरख दे ने 17 अगस्त 2026 को 5.50 लाख रुपये लौटाने पर सहमति जताई है. इसके बाद शेष करीब 22 लाख रुपये की राशि एक साल आठ महीने के भीतर संबंधित लोगों को लौटाने की बात तय हुई है. (नीचे भी पढ़ें)
समझौते में यह भी शर्त रखी गई है कि बकाया राशि लौटाने की निर्धारित अवधि के दौरान संबंधित लोग सौरख दे पर भुगतान को लेकर दबाव नहीं बनाएंगे. इस अवधि में उससे किसी तरह की बातचीत नहीं करने की बात भी कही गई है. दोनों पक्षों के अनुसार, समझौता आपसी सहमति और बिना किसी दबाव के किया गया है. इसके अलावा, पूरी राशि वापस होने तक सौरख दे के शहर से बाहर जाने पर भी रोक की शर्त रखी गई है. हालांकि, किसी जरूरी काम के लिए उसे सीमित अवधि के लिए बाहर जाने की अनुमति दी जा सकती है. समझौते में तय समय पर राशि वापस नहीं करने की स्थिति में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की बात कही गई है. फिलहाल मामला दोनों पक्षों के बीच हुए समझौते के आधार पर है.




