जमशेदपुर : ईरान के सुप्रीम लीडर सैयद अली खामेनेई की हत्या के विरोध में जमशेदपुर में आक्रोश व्याप्त है. रविवार रात करीब 7:30 बजे मुस्लिम समाज की महिला-पुरुषों ने कैंडल मार्च निकाल कर विरोध दर्ज कराया. महिलाओं का कैंडल मार्च मानगो चौक से ऐनी हुसैन और तहजीब रिजवी के नेतृत्व में और शास्त्री नगर से रईस रिजवी व मून रिजवी के नेतृत्व में अलग-अलग शुरू हुआ, जो आगे चलकर साकची गोलचक्कर पर आकर एकत्र हुआ. (नीचे भी पढ़ें)

इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने इज़रायल और अमेरिका के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों ने इस घटना को “गुंडागर्दी” बताते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि सभी लोग एकजुट होकर इसके खिलाफ आवाज बुलंद करें. प्रदर्शन के दौरान एक मस्जिद के पेश ए इमाम मौलाना जकी हैदर ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि खामेनेई की शहादत से ईरान खत्म नहीं होने वाला. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि ईरान की जीत होगी और अब वक्त आ गया है कि फिलिस्तीन को आजाद कराया जाए.” वहीं प्रदर्शन में शामिल ऐनी हुसैन ने कहा कि ईरान परमाणु ऊर्जा का इस्तेमाल केवल शांतिपूर्ण कार्यों के लिए कर रहा है और उसका परमाणु बम बनाने का कोई इरादा नहीं है. इसके बावजूद अमेरिका और इजराइल परमाणु हथियारों का बहाना बनाकर ईरान पर हमले कर रहे हैं, जिसका हर स्तर पर विरोध होना चाहिए. (नीचे भी पढ़ें)
हुसैनी मिशन के बैनर तले आयोजित उक्त कैंडल मार्च सह प्रदर्शन में मुनीर हसन, रईस रिज़वी, कमर हैदर, राशिद रिज़वी, मोहम्मद राशिद, इनाम अब्बास, अफसर हुसैन, ऐनी हुसैन, मून रिजवी, तहज़ीब रिज़वी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे.







