
जादूगोड़ा : जादूगोड़ा कॉलोनी निवासी व यूसिल के बागजाता इकाई में कार्यरत झारखंड होमगार्ड की महिला जवान झानू टुडू (27 साल) ने बुधवार की शाम अपने निवास जादूगोड़ा कॉलोनी हॉस्टल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जाता है कि झानू टुडू राजनगर की रहने वाली थी। उसकी शादी वर्ष 2012 में किसी आरएमपी डॉक्टर से हुई थी। उसका ससुराल डुमरिया में है। वर्तमान में महिला झारखंड होमगार्ड में कार्यरत थी। पिछले दिसम्बर महीने से यूसिल के बागजाता इकाई में कार्यरत थी। महिला हमेशा की तरह बुधवार को ए शिफ्ट ड्यूटी करने के बाद बस से घर वापस आयी थी। इसके बाद करीब शाम छह बजे उसने अपने रूम में फांसी लगा ली। बागजाता के साथी कर्मियों ने बताया कि वह हमेशा की तरह बुधवार को भी साधारण तरीके से ड्यूटी करके वापस गयी। वही घटना की जानकारी मिलने के बाद जादूगोड़ा थाना प्रभारी सुनील कुशवाहा और यूसिल के निजी सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुँचे। पुलिस ने शव को जादूगोड़ा अस्पताल के मर्चरी में रखवाया है। इस संबंध में थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की जानकारी उसके मायके और ससुराल वालों को दे दी गयी है। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। अगर आत्महत्या के पीछे किसी का हाथ होगा तो उसे छोड़ा नही जायेगा। शव का गुरुवार को पोस्टमार्टम करवाया जायेगा, उससे भी कई चीज साफ हो जाएगी।













