जमशेदपुर : झारखंड असंगठित मजदूर यूनियन ने एचडीएफसी बैंक प्रबंधन पर स्थायी किस्म के काम ठेका एजेंसियों के माध्यम से कराने एवं श्रम कदाचार का सहारा लेकर ठेका मजदूरों को प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए इसके खिलाफ संघर्ष का ऐलान किया है. यूनियन के नेताओं ने रविवार को यहां प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उक्त बात की घोषणा की. (नीचे भी पढ़ें)
यूनियन के पदाधिकारियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि एचडीएफसी बैंक प्रबंधन अपने बैंकों की साफ-सफाई, पेंट्री बॉय, रनर बॉय एवं सुरक्षा के कार्य ठेका ऐजेंसियों के माध्यम से करा रहा है. ये सारे कार्य स्थायी एवं लगातार चलनेवाले हैं. वर्तमान समय में ये काम करने वाले 10 साल से भी अधिक समय से कार्यरत हैं, जिससे स्पष्ट है कि ये कार्य स्थायी प्रकृति के हैं, लेकिन इन मजदूरों का किस हिसाब से, कैसे एवं कहां मजदूरी की दर निर्धारित की गई, इसका कुछ पता नहीं है. पूरे झारखंड में बैंक प्रबंधन ठेका ऐजेंसियों के माध्यम से मनमाने दर पर मजदूरी का भुगतान कर रहा है. यही नहीं, इन ठेका कर्मियों की कोई सेवा शर्त भी नहीं है. सुरक्षा कर्मियों से 365 दिन काम लिया जाता है, उन्हें सप्ताहिक अवकाश भी नहीं दिया जाता. इसके अलावा उपार्जित, कैजुअल, धार्मिक त्योहारों या राष्ट्रीय त्योहारों पर भी छुट्टी नहीं दी जाती और न ही उन्हें सालाना बोनस ही दिया जाता है. इसके विरुद्ध उप मुख्य श्रमायुक्त के समक्ष शिकायत दर्ज कराई गई है, जो विचाराधीन है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने आरोप लगाया कि इस बीच बैंक प्रबंधन ने मजदूरों को काम से बेदखल करने के लिए ठेका ऐजेंसियों की मदद से मजदूरों को प्रताड़ित करने के लिए श्रम कदाचार का सहारा लेकर मजदूरों को प्रताड़ित एवं डराना शुरू कर दिया है. इसके विरोध में मजदूरों ने सहायक श्रमायुक्त के समक्ष शिकायत दर्ज कराई है. नेताओं ने दावा किया कि पूरे झारखंड के लगभग सभी प्राइवेट बैंकों में ऐसे ही आदिवासी, दलित या अन्य गरीब मजदूरों को इसी तरह उनके हक से वंचित रखा जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने आश्चर्य जताया कि पूरे झारखंड में प्राइवेट बैंकों में ठेका ऐजेंसी चलाने वाले ठेका प्रतिष्ठानों द्वारा ठेका कानून के तहत ठेका चलाने का लाइसेंस तक श्रम विभाग से नहीं लिया है और न ही मुख्य नियोजक होने के नाते इन प्राइवेट बैंकों द्वारा ठेका प्रतिष्ठान बहाल करने का कोई लाइसेंस लिया गया है जिसके चलते राष्ट्र को आर्थिक क्षति होने के साथ ही मजदूरों का शोषण करते हुए भी ये कानून की पकड़ से बचे हुए हैं. यूनियन अधिकारियों ने बताया कि ऐसे मजदूरों ने इसके खिलाफ इन्हीं बिंदुओं को लेकर आगे लड़ाई लड़ने का निर्णय लिया है. प्रेस कॉन्फ्रेंस को यूनियन के अध्यक्ष सपन कुमार घोषाल एवं महासचिव रमेश मुखी ने संबोधित किया, जबकि इस अवसप पर उमेश मुखी, रामदास करुआ, विष्णु, अमित, नीरज, राकेश, दिलीप मिश्रा, आलोक, ऋषि, सावन, नंदू आदि ठेका मज़दूर भी उपस्थित रहे.














