जमशेदपुर : जनता दल यूनाइटेड, पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) के उलीडीह थाना क्षेत्र अध्यक्ष प्रवीण सिंह ने मानगो नगर निगम के अधिकारियों पर जनहित से जुड़े कार्यों में घोर लापरवाही एवं शिथिलता बरतने का आरोप लगाया है. प्रवीण सिंह ने कहा कि मानगो नगर निगम के प्रबंधक निशांत कुमार एवं स्ट्रीट लाइट विभाग के विपिन कुमार द्वारा जनहित के कार्यों के प्रति गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है. क्षेत्र में साफ-सफाई, कचरा उठाव, नाला सफाई, फॉगिंग तथा खराब स्ट्रीट लाइट की मरम्मत जैसी मूलभूत नागरिक सुविधाओं से संबंधित समस्याओं को लेकर उनके द्वारा कई बार नगर निगम में शिकायत की गई, लेकिन शिकायतों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं को लेकर जब नगर निगम के संबंधित अधिकारियों से दूरभाष के माध्यम से संपर्क करने का प्रयास किया जाता है, तो कई बार अधिकारी फोन उठाना भी मुनासिब नहीं समझते. इससे आम जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और जनहित के कार्यों में अनावश्यक अवरोध उत्पन्न हो रहा है. प्रवीण सिंह ने कहा कि नगर निगम का दायित्व है कि वह जनता की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों का समयबद्ध तरीके से समाधान करें. साफ-सफाई, कचरा उठाव, नाला सफाई, फॉगिंग और स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाएं सीधे तौर पर आम नागरिकों के दैनिक जीवन से जुड़ी हुई हैं. (नीचे भी पढ़ें)
ऐसे मामलों में अधिकारियों की उदासीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है. उन्होंने मानगो नगर निगम के अधिकारियों से अपनी कार्यशैली में तत्काल सुधार लाने तथा क्षेत्र की लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की. प्रवीण सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मानगो नगर निगम द्वारा अपनी कार्यशैली में सुधार नहीं किया गया और जनहित की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो जनता दल यूनाइटेड चरणबद्ध आंदोलन का बिगुल फूंकेगा. उन्होंने कहा कि जदयू के उलीडीह थाना क्षेत्र के सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर नगर निगम की लापरवाही के खिलाफ मोर्चाबंदी करेंगे और अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने का काम करेंगे. उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जदयू आम जनता की आवाज को मजबूती से उठाता रहेगा.




