जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 04 में व्याप्त बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान को लेकर मंगलवार को मानगो नगर निगम क्षेत्र समिति के अध्यक्ष विकास कुमार साहनी के नेतृत्व में बिजली विभाग के फीडर-2, मानगो के उपमंडल अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया. इस दौरान समिति के सदस्यों ने वार्ड नंबर 04 की विभिन्न बिजली समस्याओं से विभाग को अवगत कराया. ज्ञापन में मुख्य रूप से पुराने कुमरुम बस्ती के सामने एनएच-33 के समीप 11,000 वोल्ट के बिजली तार से कदम के पेड़ की टहनियां सटने की समस्या उठाई गई. इससे कभी भी बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है. (नीचे भी पढ़ें)
इसके अलावा बिजली विभाग द्वारा तार लगाने के दौरान जियो के खंभे से तार जोड़ दिए जाने की समस्या को दूर करने तथा जर्जर एवं आवश्यक स्थानों पर नए बिजली के खंभे लगाने की मांग भी की गई. उपमंडल अधिकारी की अनुपस्थिति में विभाग के बड़ा बाबू ने ज्ञापन प्राप्त किया और आश्वासन दिया कि एक-दो दिनों के भीतर समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. इस अवसर पर समिति के सदस्य सुबोध प्रसाद, सुनील महतो, परविंदर राम, आनंद पांडे एवं तपन महतो उपस्थित रहे.












