जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र के बसंत टाकीज के पास राजेंद्र ज्वेलर्स की दुकान पर चोरी हुई है. यहां पहुंचे एक दंपत्ति ने अंगूठी की चोरी कर ली है. ऐसा दुकानदार विनोद का आरोप है. दुकानदार ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी दिखाया. घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने अंगूठी की चोरी करने के आरोप में व्यक्ति को गिरफ्त में लिया है. साकची थाने में लाकर उससे पूछताछ की जा रही है. दुकानदार विनोद ने बताया कि उनके पास दंपति आए थे. उनके साथ एक बच्चा भी था. महिला ने कहा कि उन्हें अंगूठी खरीदना है. मंगलवार है, सारी दुकान बंद है. अंगूठी अर्जेंट खरीदना है. इस पर दुकानदार ने उन्हें अंगूठी दिखाना शुरू किया. तभी व्यक्ति अंगूठी मोबाइल के केस में रखकर जल्दी से बाहर निकल गया. (नीचे देखे पूरी खबर)
तभी दुकानदार ने अपना वजन मिलाया तो वजन कम निकला. इस पर महिला से पूछताछ की गई कि वह व्यक्ति कहां गया तो महिला ने बताया कि व्यक्ति एटीएम से पैसा निकालने गये है. थोड़ी देर में व्यक्ति आया तो उससे पूछा गया तो उसने कहा कि उसने अंगूठी नहीं ली है. इस पर पुलिस को फोन किया गया. इसके बाद साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची. उक्त व्यक्ति से पूछताछ शुरू की गई. सीसीटीवी फुटेज में व्यक्ति अंगूठी जेब में रखते हुए दिखाई दे रहा है. (नीचे देखे पूरी खबर)
पुलिस जब घटनास्थल से आरोपी व्यक्ति को लेकर थाने जा रही थी तो उस व्यक्ति ने पुलिस की जीप से कूदकर भागने की कोशिश की. पुलिसकर्मियों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया और फिर थाने ले गए. साकची थाने में पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अंगूठी बाहर एक टेंपो चालक को दे दी थी. इसके बाद पुलिस टेंपो स्टैंड पहुंची और चालक को हिरासत में लेने के बाद उसके पास से अंगूठी बरामद कर ली है. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है. (नीचे देखे पूरी खबर)
गौरतलब है कि बाजार से चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं. पहले भी ठग एक स्वर्णकार की दुकान में काम करने वाले युवक को बेवकूफ बनाकर सोने के जेवरात पार कर चुके हैं. पुलिस उस घटना का खुलासा नहीं कर पाई है.






