टंडवा/चतरा : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता सरफराज हुसैन ने टंडवा पहुंचकर मॉब लिंचिंग की घटना में मारे गए युवक इमरोज के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी. इस दौरान उन्होंने परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया. मौके पर ही सरफराज हुसैन ने चतरा के एसएसपी से फोन पर बातचीत कर घटना में शामिल सभी दोषियों की शीघ्र पहचान कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की. उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस तरह की अमानवीय घटनाएं समाज के लिए बेहद चिंताजनक हैं और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए. (नीचे भी पढ़ें)
इसके साथ ही उन्होंने प्रशासन से इमरोज के परिजनों के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह किया, ताकि घायल परिजनों का समुचित इलाज हो सके. उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए वे हर स्तर पर आवाज उठाते रहेंगे. सरफराज हुसैन ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाना बेहद जरूरी है.




