जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-2 में निर्माणाधीन मकान से ईंट का टुकड़ा गिरने से एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद स्थानीय बस्तीवासियों ने कदमा थाना में लिखित शिकायत देकर मकान मालकिन पर लापरवाही और घायल का इलाज नहीं कराने का आरोप लगाया है. साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है. (नीचे भी पढ़ें)
शिकायत के अनुसार, शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-2 निवासी रोजा खातून के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था. इसी दौरान ऊपर से ईंट का एक टुकड़ा गिरकर शम्सुद्दीन उर्फ कल्लू के सिर पर लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के बाद कई दिन बीत जाने के बावजूद घायल का समुचित इलाज नहीं कराया गया. (नीचे भी पढ़ें)
बस्ती वासियों का आरोप है कि उन्होंने मकान मालकिन से घायल के इलाज की व्यवस्था करने का अनुरोध किया, लेकिन उन्होंने इससे इनकार कर दिया. इसके बाद स्थानीय लोगों ने सामूहिक रूप से कदमा थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और पुलिस से मामले में हस्तक्षेप की मांग की. शिकायत में पुलिस से घायल शिमसुद्दीन का तत्काल बेहतर इलाज सुनिश्चित कराने के साथ ही निर्माण कार्य में कथित लापरवाही की जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की गई है. फिलहाल पुलिस को आवेदन सौंप दिया गया है और मामले में आगे की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.




